सास ने दामाद और उसके भाई को चप्पल से पीटा: बेटी बचाव करती रही, टीकमगढ़ में पारिवारिक विवाद की पेशी पर आए थे
टीकमगढ़ जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार दोपहर हंगामा हो गया। यहां एक सास ने अपने दामाद और उसके बड़े भाई की चप्पलों से पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला को मारपीट करते देखा गया।
जानकारी के मुताबिक, दामाद और बेटी के बीच पारिवारिक विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। शुक्रवार को दोनों पक्ष इसी मामले की पेशी पर आए थे।
सुनवाई के बाद न्यायालय परिसर के बाहर ही सास ने किसी बात पर गुस्से में आकर दामाद के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए दामाद के बड़े भाई को भी महिला ने नहीं छोड़ा।
बताया गया है कि महिला पक्ष टीकमगढ़ के धर्मपुरा गांव का रहने वाला है, जबकि दामाद पक्ष उत्तर प्रदेश के गुरसराय से पेशी पर आया था।
मौजूद लोगों ने बताया कि कोर्ट परिसर में अचानक हुई इस मारपीट से वहां भीड़ जमा हो गई। इस दौरान पत्नी अपने पति और जेठ का बचाव करती दिखी। बाद में लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं है। करीब एक हफ्ते पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। तब बेटी-दामाद के पारिवारिक विवाद की पेशी के दौरान ससुर और साले ने मिलकर दामाद की पिटाई कर दी थी।