खैरी सकरौली से पालेश्वर नाथ मंदिर तक सैकड़ों शिवभक्तों की दांडी यात्रा संपन्न
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैरी सकरौली से पालेश्वर नाथ मंदिर, पहाड़ी तक सैकड़ों शिवभक्तों ने गाजे-बाजे और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भव्य दांडी यात्रा निकाली। श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा, आस्था और अनुशासन के साथ दंडवत प्रणाम करते हुए अपनी कठिन धार्मिक यात्रा पूरी की।
दांडी यात्रा को कांवड़ यात्रा और श्रावणी मेले की सबसे कठिन तपस्या माना जाता है। इसमें श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए पूरे मार्ग में दंडवत प्रणाम करते हुए आगे बढ़ते हैं। यह यात्रा हठयोग, संयम और समर्पण का अद्भुत उदाहरण मानी जाती है।
यात्रा के पालेश्वर नाथ मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर समिति, स्थानीय सेवकों एवं श्रद्धालुओं ने सभी दांडी यात्रियों का भव्य स्वागत किया। भक्तों के लिए जलपान, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से क्षेत्र गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग भी यात्रा में शामिल होकर शिव भक्ति में लीन नजर आए।
रिपोर्ट : दिनेश सिंह कुशवाहा
Karwi, Chitrakoot | Aug 25, 2026