पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों से डीएम ने किया संवाद, उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत जनपद के लाभार्थी बच्चों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थी बच्चों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग, डायरी, पेन, टी-शर्ट, कैप और मिठाई भेंट की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का उद्देश्य कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता अथवा अभिभावक को खोने वाले बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका भविष्य सुरक्षित करना है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा योजना के लाभार्थी बच्चों को हर संभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Sevrai, Ghazipur | Nov 12, 2026