सफाई सिर्फ अभियान नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी : सुमन बहमनी
बैंक कॉलोनी, गोल्डन पुरी में निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान
- मेयर ने झाड़ू लगाकर व कस्सी चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश, लोगों से की सहयोग की अपील
यमुनानगर। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 21 और 22 में बैंक कॉलोनी, गोल्डन पुरी व नीलकमल स्कूल के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ मेयर सुमन बहमनी, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह, वार्ड पार्षद मनजीत कौर व रुचि शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज और सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया ने झाड़ू लगाकर किया। मेयर ने खुद कस्सी चलाकर सड़क किनारे उगी घास और गंदगी को साफ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और निगम कर्मचारियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम और स्थानीय निवासियों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर सफाई की। सफाई के दौरान एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों को अपने आसपास सफाई रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर यमुनानगर-जगाधरी बनाना नगर निगम के साथ-साथ हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब लोग अपने घरों के साथ-साथ गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में भी सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंकें और घरेलू कचरा डोर-टू-डोर संग्रहण वाहनों को ही सौंपें। महापौर ने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाया जा सकता है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाए, तो स्वच्छता की मुहिम को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाला कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को ही दें। अभियान में स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार, निगम सुपरवाइजर संदीप और अमित कुमार तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के सुपरवाइजर अमित चौधरी और दीपक सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।
फोटो कैप्शन - अभियान के तहत सफाई करती मेयर व अन्य।