सड़क दुर्घटना में गल्ला व्यवसाई पुत्र की मौत
मंगलवार की मध्य रात्रि हुई सड़क दुर्घटना में फतुहा के गल्ला व्यवसाई नरेश यादव के बड़े बेटे की मौत हो गई। यह घटना फोरलेन से महारानी चौक आने वाले मार्ग पर रेल ओवर ब्रिज के उत्तरी छोर पर हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले गल्ला व्यवसाई पुत्र का नाम राजेश कुमार है। डाकबंगला के पीछे वाले रोड में राजेश का अपना धर्म कांटा है। यह घटना उस वक्त हुई जब राजेश मंगलवार की रात अपने धर्म काँटे से घर लौट रहा था। संभावना है कि इसी दौरान आरओबी के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से राजेश की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राजेश की बाइक को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। सूचना के बाद आपातकालीन सेवा 112 की टीम ने घायल राजेश को फतुहा अस्पताल पहुंचाया, जहां फर्स्ट एड के बाद डॉक्टर ने राजेश को रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे परिजन घायल राजेश को मेदांता हॉस्पिटल ले गए लेकिन मेदांता पहुंचते ही राजेश की मौत हो गई। 40 वर्षीय राजेश के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो बेटा बाहर रहकर पढ़ाई करता है और एक छोटी बेटी ने इंटर की पढ़ाई पूरी कर ली है। घटना के बाद राजेश के घर मातम पसरा है। फिलहाल राजेश की डेड बॉडी पोस्टमार्टम हाउस में है।
फिरोज़
News Tube 24x7
Fatwah, Patna | Jun 24, 2026