जगाधरी: रादौर में नियमों के विपरीत खनन और ओवरलोड वाहनों से खतरे में नगली घाट पुल की सुरक्षा, हरकत में आया प्रशासन
रादौर में यमुनानदी के नगली घाट पर करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे पुल से ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। हरियाणा एंटी करप्शन सोसायटी ने पुल के पास नियमों के विपरीत खनन का आरोप भी लगाया है। संगठन के अध्यक्ष एडवोकेट वरयाम सिंह ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों से पुल की सुरक्षा को खतरा है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। एसडीएम रादौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी को मौके पर कार्रवाई के लिए भेजा गया है और आरटीओ विभाग को ओवरलोड वाहनों के चालान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नियमों के विपरीत खनन व ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।