नेशनल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी हुए सम्मानित
#देवरिया। नेशनल पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री संजय शंकर मिश्र, उप निदेशक श्री सौरभ शंकर मिश्र, दोनों शाखाओं की प्रधानाचार्या श्रीमती मृदुला सिंह एवं भटनी शाखा की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रबंध निदेशक श्री संजय शंकर मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों की शिक्षा देकर एक जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके समर्पण की सराहना की।
उप निदेशक श्री सौरभ शंकर मिश्र ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक की पहचान केवल उसके विषय-ज्ञान से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के प्रति उसके व्यवहार, संवेदनशीलता और मार्गदर्शन से होती है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मृदुला सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय की सफलता के पीछे शिक्षकों की मेहनत, निष्ठा और टीम भावना का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक सदस्य विद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा है।
भटनी शाखा की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू मिश्रा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को आकार देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने तथा उन्हें निरंतर बेहतर करने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की अध्यापिकाओं खुशबू शुक्ला एवं प्रिया मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, सम्मान एवं आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं तथा उनके योगदान की सराहना की गई।
Salempur, Deoria | Sep 5, 2026