पैसों की कमी से नहीं रुकेगा इलाज, 25 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए कोच्चि भेजा गया
#रांची :- झारखंड के गरीब परिवारों के बच्चों के इलाज को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक पहल शुरू की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर दिल में छेद और गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 25 बच्चों के दूसरे बैच को इलाज के लिए केरल के कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया।
इन बच्चों के इलाज और सर्जरी का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। प्रत्येक बच्चे के इलाज पर करीब 10 लाख रुपये तक का खर्च सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
पहले बैच के बच्चों का हुआ इलाज
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इससे पहले बच्चों के एक बैच को कोच्चि भेजा गया था। वहां उनका इलाज और सर्जरी सफलतापूर्वक हुई और बच्चे स्वस्थ होकर वापस लौटे हैं। अब दूसरे बैच के 25 बच्चों को बेहतर उपचार के लिए भेजा गया है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए दिल की बीमारी का महंगा इलाज कराना मुश्किल होता है। सरकार का उद्देश्य है कि पैसों की कमी के कारण किसी बच्चे को इलाज से वंचित न रहना पड़े।
जनप्रतिनिधियों से बच्चों की जानकारी देने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से अपील की कि उनके क्षेत्र में यदि कोई ऐसा बच्चा है, जो दिल में छेद या गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित है और परिवार इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है, तो उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों के इलाज में सरकार मदद करेगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। आधुनिक इलाज की सुविधा गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि विभाग नई तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के इलाज के लिए उनके परिवारों को अपनी जेब से खर्च नहीं करना होगा।
एमडी, एनएचएम शशि प्रकाश झा ने भी इस पहल को जरूरतमंद बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया। बच्चों को कोच्चि रवाना करने में रेलवे के डीआरएम समेत रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।
#JharkhandNews #RanchiNews #HealthMinister #IrfanAnsari #JharkhandHealth #HeartSurgery #AmritaHospital #Kochi #JharkhandGovernment #HealthNews #ChildTreatment #LatestNews #TrendingNews #ViralNews #LoktantraBharat