बाजपुर न्यूज
आमरण अनशन के दूसरे दिन भी डटे पालिका कर्मी, समर्थन में उतरे जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठन
बाजपुर। नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका एवं सफाई कर्मियों का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। पालिका कर्मचारी सीताराम तिवारी का आमरण अनशन दूसरे दिन में प्रवेश कर गया, जबकि सफाई कर्मियों की कामबंद हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़े के ढेर लगने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पं. जितेन्द्र शर्मा ‘सोनू’, कैलाश रानी शर्मा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजकुमार, उत्तराखण्ड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि, नया सवेरा समिति के संरक्षक अरुण कुमार तथा प्रमोद राजहंस ने आंदोलन स्थल पहुंचकर अनशनरत कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य पं. जितेन्द्र शर्मा ‘सोनू’ ने कहा कि सरकार को पालिका एवं सफाई कर्मियों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया छोड़ते हुए उनकी जायज मांगों को जल्द स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के संघर्ष में वह कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहेंगे। आंदोलनरत कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, सफाई व्यवस्था में लागू ठेका प्रथा की समाप्ति, वर्षों से कार्यरत ठेका कर्मचारियों का नियमितीकरण, नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करना तथा मृत सफाई कर्मियों के पदों को पुनर्जीवित करना शामिल है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि अब तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इस दौरान शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार 'लाला', उपाध्यक्ष सुरेश कुमार 'मिल्ले', महामंत्री मुकेश कुमार, संगठन मंत्री उमेश कुमार, मंत्री विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष बंटी कुमार, प्रचार मंत्री राजेश कुमार, चन्द्रजीत वाल्मीकि सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।