प्रेस विज्ञप्ति
स्थान :- नालन्दा
दिनांक :- 18 सितंबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालन्दा
...................................................
पोषण माह के तहत जिला स्तरीय पोषण मेला आयोजित
“हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया गया जागरूक
बिहारशरीफ, नालन्दा में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित पोषण माह के अंतर्गत आज दिनांक 18 सितंबर 2026 को जिला स्तर पर पोषण मेला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त, नालन्दा सुश्री सारा अशरफ द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती अर्चना कुमारी द्वारा स्वागत भाषण दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने बच्चों एवं माताओं के संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पोषण माह के मुख्य उद्देश्य व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर व्यवहार परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस वर्ष पोषण माह का मुख्य विषय “हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है।
उन्होंने आहार विविधता तथा पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन युक्त भोजन के सेवन पर विशेष जोर दिया। साथ ही प्रोटीन की कमी से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं मांसपेशियों के क्षय आदि के संबंध में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को पोषण के प्रमुख सूत्रों के प्रति जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। इसमें जीवन के पहले 1000 दिनों में पौष्टिक एवं विविध आहार, एनीमिया प्रबंधन, डायरिया की रोकथाम, स्वच्छता एवं साफ-सफाई तथा पोषण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान *“सही पोषण, देश रोशन”* के नारे का उद्घोष भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा नवजात बच्चियों को बेबी किट प्रदान किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं छह माह की बच्ची का अन्नप्राशन भी कराया गया।
पोषण मेले में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सदर एवं ग्रामीण के मार्गदर्शन में पोषाहार संबंधी प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में आहार विविधता एवं विभिन्न पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित किया गया।
आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा प्रदर्शित व्यंजनों में मौजूद पोषक तत्वों एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई।
मेले में मोटे अनाज से बने विभिन्न व्यंजन, साग एवं हरी सब्जियों से तैयार खाद्य पदार्थ तथा चीनी के स्थान पर गुड़, खजूर एवं प्राकृतिक रूप से मीठे फलों से तैयार व्यंजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों के उपयोग से पौष्टिक एवं संतुलित आहार तैयार करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, ग्रामीण श्रीमती पूनम कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, बाल संरक्षण सुश्री श्वेता कुमारी, सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सुश्री प्राची रिया, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा श्रीमती स्नेहा तथा जिला खाद्य निगम प्रबंधक सुश्री शगुफ्ता प्रवीण सहित सदर एवं ग्रामीण परियोजना की महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं आईसीडीएस के कर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
ICDS Directorate Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
Nalanda, Bihar | Sep 18, 2026