महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
--------------------------
निर्वाचक सूची में नाम रहना वोट देने की पहली शर्तः सभी पात्र छात्र-छात्रा सहित 18 वर्ष की आयु पूरा करनेवाले सभी व्यक्ति जिनका नाम इसमें नहीं है, वे अपना नाम इसमें अवश्य जुड़वाएँः जिलाधिकारी
--------------------------------------
कोई भी मतदाता छूटे नः जिलाधिकारी
--------------------------
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों सहित सभी लोगों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का किया आह्वान
------------------------------
जागरूक मतदाता हमारे समृद्ध लोकतंत्र की रीढ़ः चुनावों में उच्च मतदान प्रतिशत इसे एक नया आयाम देगाः जिलाधिकारी
--------------------------------
मुजफ्फरपुर, मंगलवार, दिनांक 28.07.2026: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव के निदेश पर आज महंथ दर्शन दास महिला महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वाधान में निर्वाचक जागरूकता कार्यक्रम का वृहत आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में महाविद्यालय की छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। उप निर्वाचन पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री सत्यप्रिय कुमार के नेतृत्व में मुजफ्फरपुर जिला निर्वाचन विभाग की टीम द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विविध प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया। निर्वाचन के विभिन्न पहलुओं पर छात्राओं के बीच क्विज, प्रश्नोत्तर तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित किया गया। एनसीसी छात्राओं की टीम द्वारा वोट के महत्व पर आधारित एक अत्यंत मनमोहक एवं ज्ञान-वर्द्धक नुक्कड़-नाटक का मंचन किया गया।
विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के नाम अपने संदेश में जिलाधिकारी ने अर्हता-प्राप्त सभी विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने सहित सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारे महान संविधान निर्माताओं द्वारा संविधान में सार्वभौम वयस्क मताधिकार का जो प्रावधान किया गया है वह अतुलनीय एवं बहुमूल्य है। *त्रुटिरहित मतदाता सूची पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है*। निर्वाचक सूची में नाम रहना वोट देने की पहली शर्त है। इसके बिना आप मत नहीं दे सकते। अतः सभी पात्र विद्यार्थियों को फोटो निर्वाचक सूची में नाम शामिल कराने के लिए पंजीकरण अवश्य करना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजीकरण की प्रक्रिया को भी काफी आसान कर दिया गया है। आप जैसे यंग, डायनामिक एवं टेक्नोलॉजी-फ्रेंडली छात्रा ऑनलाईन माध्यम से ईसीआइनेट ऐप से आसानी से पंजीकरण कर सकते हैं। ऑफलाईन माध्यम से भी अपने-अपने बूथ, प्रखंड, अनुमंडल, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में आवेदन दिया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ईएलसी के तहत मुजफ्फरपुर जिला के सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में कैम्पस एम्बेसडर की भी मुख्य भूमिका है। हर एक कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थान में इन्हें भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेश के तहत नियुक्त किया जाता है। कैम्पस एम्बेसडर छात्र-छात्राओं तथा निर्वाचन तंत्र के मध्य एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं तथा मतदाता पंजीकरण में आवश्यक सहयोग प्रदान करते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने में यह काफी सहायक साबित होता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी इसके लिए विशेष प्रयास करें कि कोई भी मतदाता न छूटे (नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाइण्ड)।
अपने संदेश में विद्यार्थियों को लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकी समझाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र सर्वोत्तम शासन प्रणाली है। हमारे संसदीय प्रणाली तथा अप्रत्यक्ष लोकतंत्र की समृद्धि में भारत निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। पूरी दुनिया में यह काफी प्रतिष्ठित संस्था है। इतने बड़े देश में समय-समय पर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा काफी अप्रतिम कार्य किया जाता है। मुजफ्फरपुर जिले के छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आप सभी निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक सूची में पंजीकरण के लिए एक कैलेण्डर वर्ष में चार अर्हता तिथियाँ निर्धारित की गयी हैं। वे सभी योग्य व्यक्ति जो वर्ष में चार अर्हता तिथियों 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई, 1 अक्टूबर मे से किसी भी अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हों, निर्वाचक सूची में पंजीकरण के लिए ऑफलाइन या ऑनलाईन आवेदन फार्म 6 में कर सकते हैं। पंजीकरण करवाने के बाद मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (एपिक) जारी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अभी दिनांक 01.07.2026 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची का सतत अद्यतीकरण किया जा रहा है। साल में चार अर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची का सतत अद्यतीकरण किया जाता है, जिसमें आप अपना नाम जुड़वा सकते हैं। आप सभी, अपने परिवार, सगे-संबंधियों, आस-पड़ोस के सभी निवासियों का नाम फोटो निर्वाचक सूची में शामिल कराएं। इसमें नाम शामिल हो जाने पर सभी को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (एपिक) उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि आपका या आपके परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है तो आज ही पंजीकरण के लिए आवेदन करें। ईसीआइनेट ऐप से आप सुविधाजनक ढंग से जहाँ हैं वहीं से ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फार्म भरने की प्रक्रिया को भी काफी सरल कर दी गयी है। फार्म-6 नया मतदाता बनने के लिए, फार्म-6क भारत से बाहर रहने वाले प्रवासी निर्वाचकों के पंजीकरण के लिए, फार्म-7 निर्वाचक सूची से नाम हटाने के लिए एवं फार्म-8 पता परिवर्तन, पीडब्ल्यूडी चिह्नीकरण, मतदाता सूची में संशोधन या अपने ईपिक में बदलाव करने के लिए प्रयोग किया जा सकता है। जन्म तिथि प्रमाण, सामान्य निवास स्थान तथा फोटोग्राफ्स के आधार पर कोई भी योग्य नागरिक ईसीआइनेट के माध्यम से घर बैठे सारी सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि योग्य मतदाताओं को सहायता के लिए सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र तत्पर है। अधिकारियों द्वारा जिला में निर्वाचन साक्षरता, पंजीकरण तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित स्वीप गतिविधि के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मतदाताओं को निर्वाचन सूची में पंजीकरण के लिए प्रयुक्त होने वाले विभिन्न प्रपत्रों तथा प्रक्रिया की जानकारी दी जाती है। सभी प्रपत्रों में ऑन-लाईन आवेदन हेतु ईसीआईनेट ऐप का प्रयोग किया जा सकता है। ऑफलाईन आवेदन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय, अनुमण्डल निर्वाचन कार्यालयों तथा बीएलओ से सम्पर्क किया जा सकता है। साथ ही मतदाता हेल्पलाईन 1950 का प्रयोग कर पंजीकरण से संबंधित अन्य जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर के लोग एवं यहां के मतदाता अत्यंत जागरूक एवं जिम्मेदार हैं। लोकतंत्र की समृद्धि में आप सभी बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 में जिले का मतदान प्रतिशत 71.81 था। मुजफ्फरपुर जिला राज्य के सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाले जिलों में शामिल था। लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में जिले के 15-मुजफ्फरपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र एवं 16-वैशाली संसदीय निर्वाचन क्षेत्र जिनका मतदान क्रमशः पाँचवें एवं छठे चरण में हुआ था, उन चरणों में क्रमशः 59.47 तथा 63.00 प्रतिशत मतदान के साथ संबंधित चरणों में बिहार राज्य में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया था।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर जिला में मतदाताओं की कुल संख्या 33,53,205 है। जिले का निर्वाचक सूची लिंगानुपात 891 है तथा 94-मुजफ्फरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का लिंगानुपात 920 है। उक्त लिंगानुपात को राज्य में सर्वाधिक स्तर पर लाने का संकल्प एवं आह्वान मैं करता हूँ। इस संकल्प के सफल क्रियान्वयन एवं 18 वर्ष से अधिक आयु की शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं व छात्राओं को मतदाता सूची में दर्ज कराने की मुख्य जिम्मेदारी मैं आप सभी युवा छात्राओं एवं ईएलसी के सदस्यों को सौंपता हूँ।
कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यप्रिय कुमार द्वारा छात्राओं को पंजीकरण के बारे में विस्तार से बताया गया तथा सभी से अपना-अपना नाम शामिल कराने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि आज की क्विज, प्रश्नोत्तर, पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्राओं को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। डीपीआरओ, मुजफ्फरपुर श्री लोकेश कुमार झा द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं यथा स्वीप कार्यक्रम, कैम्पस एम्बेसडर की भूमिका, विविध स्टेकहोल्डर्स, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दी जा रही सुविधाओं इत्यादि पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
महाविद्यालय की छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान *मतदाता शपथ* दिलायी गयी।
इस कार्यक्रम को कॉलेज के प्राचार्य, अनेक प्राध्यापक तथा अवर निर्वाचन पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया एवं विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराकर एक सजग एवं सफल नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला पदाधिकारी ने सभी वयस्क नागरिकों विशेषकर फस्र्ट टाईम वोटर्स, युवाओं तथा महिलाओं से अधिक-से-अधिक संख्या में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया।
डीपीआरओ, मुजफ्फरपुर।