जयनगर में कमला नदी के तेज कटाव से खैरामाट गांव पर मंडराया खतरा
जयनगर प्रखंड क्षेत्र में कमला नदी के तेज कटाव से खैरामाट गांव के लोगों में चिंता बढ़ गई है। नदी के लगातार हो रहे कटाव के कारण गांव पर खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने कटावरोधी कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।
इसी बीच खजौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी बृजकिशोर यादव ने खैरामाट गांव पहुंचकर कमला नदी के कटाव का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
बृजकिशोर यादव ने जल संसाधन विभाग से तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि नदी के कटाव को रोका जा सके और गांव को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन और जल संसाधन विभाग से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है।