मुरैना में राज्य अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
मुरैना। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बुधवार को मुरैना प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में आयोजित सामाजिक संवाद कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, धार्मिक एवं सामाजिक बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दे उठाए। डॉ. जाटव ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सामाजिक संवाद के माध्यम से वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिससे उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. जाटव ने नागरिकों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा पात्र लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी कमलेश कुमार कुशवाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग सौरव राठौर, पूर्व महापौर अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक रघुराज सिंह कंषाना, पार्षद कमलेश जाटव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी खटीक, दिलीप पिप्पल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।