हर घर तिरंगा अभियान के तहत पंचकूला में मिनी मैराथन का आयोजन
लगभग 500 युवा खिलाड़ियों ने तिरंगा हाथ में लेकर दिया देशभक्ति और राष्ट्र सम्मान का संदेश
पंचकूला, 12 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को जिला खेल विभाग द्वारा मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम, सेक्टर-3 से खेल विभाग के उप निदेशक श्री सतबीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मिनी मैराथन को रवाना किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री राजबीर सिंह सहित खेल विभाग के विभिन्न प्रशिक्षक एवं कोच भी उपस्थित रहे।
मिनी मैराथन में जिले के लगभग 500 युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। दौड़ ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम से शुरू होकर सेक्टर-21 से गुजरते हुए पुनः स्टेडियम परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान युवा खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ लगाई और ‘भारत माता की जय’ तथा देशभक्ति के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना था। देशभक्ति के गीतों के बीच तिरंगा हाथ में लेकर दौड़ते युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और समर्पण का संदेश दिया। मैराथन जिस मार्ग से गुजरी, वहां स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में आमजन और विभिन्न आयु वर्ग के लोग इस आयोजन से जुड़ते नजर आए।
इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। खेल और युवा शक्ति देश की ऊर्जा हैं तथा ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मिनी मैराथन के समापन पर सभी युवा खिलाड़ियों ने देश को और अधिक मजबूत बनाने, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान को सदैव सर्वोच्च रखने का संकल्प लिया।
*जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हो रही हैं विभिन्न गतिविधियां*
जिला प्रशासन द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत साइकिल रैली, तिरंगा बाइक रैली, ई-बाइक रैली और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों में बच्चे, युवा और आमजन उत्साहपूर्वक भाग लेकर तिरंगे के सम्मान तथा देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
अभियान के तहत विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जा रहे हैं, जहां आमजन, युवा और बच्चे तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। वहीं बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति की भावना पर आधारित भाषण, चित्रकला, निबंध एवं अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को प्रकट करें। प्रशासन ने नागरिकों से यह भी आह्वान किया कि वे अभियान की गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर इसे जन-जन का उत्सव बनाएं।