कप्तानगंज में स्वतंत्रता दिवस से पहले बनकर तैयार हुआ सुंदर पार्क और विशाल तिरंगा, जनता से किए वादे को निभाया = चंद्र प्रकाश चौधरी
बस्ती/कप्तानगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत कप्तानगंज के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित सुंदर पार्क में झंडारोहण किया गया और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि वह जनता से जो वादा करते हैं, उसे पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करते हैं। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर पंचायत क्षेत्र में एक सुंदर पार्क का निर्माण कराकर तथा वहां विशाल तिरंगा स्थापित कर उसे जनता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ ही लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि विशाल तिरंगा क्षेत्र की शान बढ़ाने के साथ ही देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करेगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसी स्थल पर विधिवत झंडारोहण किया गया।
आगे उन्होंने कहा कि कप्तानगंज नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नगर पंचायत की प्राथमिकता क्षेत्र में साफ-सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, पार्क एवं अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देकर नगर पंचायत को एक सुंदर और व्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी रहेगा।
अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से नगर पंचायत के विकास में सहयोग करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
Basti, Basti | Aug 15, 2026