पत्रकार वार्ता में BDC सदस्य राजेश रढाइक का विधायक पर तीखा हमला, बदहाल सड़कों को लेकर मांगा इस्तीफा।
कहा— क्षेत्र की सड़कें बदहाल, विकास कार्य ठप; जनता से किए वादे पूरे करने में विधायक रहे विफल।
गिरीश ठाकुर
न्यूज टुडे हिमाचल।
क्षेत्र में विकास कार्यों और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में BDC सदस्य राजेश रढाइक ने स्थानीय विधायक पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेश रढाइक ने कहा कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन धरातल पर उनकी कोई झलक दिखाई नहीं देती। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कें लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही हैं, जबकि कई विकास कार्य भी अधूरे पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि यदि विधायक क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रहे हैं, तो उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से क्षेत्र की बदहाल सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने तथा लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की।
पत्रकार वार्ता के दौरान राजेश रढाइक ने कहा कि जनता अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि विकास कार्यों का वास्तविक परिणाम चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।