*ऑपरेशन त्रिनेत्र: हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज*
• मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आलीशान मकान, कार और ट्रैक्टर पर की गई कार्रवाई
• राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज
जयपुर :कमलेश आमेटा प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों की अवैध संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है। फ्रीज की गई संपत्तियों में गांव देवल्दी स्थित आलीशान मकान, एक केटा कार और जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर शामिल है। आरोपी के विरुद्ध राजस्थान और मध्यप्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी सहित विभिन्न गंभीर अपराधों के कुल 19 प्रकरण दर्ज हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग एवं पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने के अभियान के तहत थाना अरनोद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार कर संबंधित दस्तावेज भारत सरकार की अधिकृत सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजे थे।
सक्षम प्राधिकारी ने 13 नवम्बर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को अनुमोदित कर स्थायी किया। इसके बाद 15 नवम्बर को थाना अरनोद पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग के बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज कर दिया।
*मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा है मामला*
प्रकरण के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर में समंदर पुत्र किशनाराम निवासी हिंगोली के कब्जे से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। अनुसंधान में जब्त मादक पदार्थ वसीम खान पुत्र पुना उर्फ इस्माइल खान (45) निवासी देवल्दी थाना अरनोद जिला प्रतापगढ़ द्वारा उपलब्ध करवाना सामने आया। इस पर वसीम खान को 12 सितम्बर 2026 को गिरफ्तार कर अनुसंधान के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वह वर्तमान में केंद्रीय कारागृह जोधपुर में बंद है।
*वित्तीय जांच में चिन्हित की गई 1.25 करोड़ की संपत्ति*
वसीम खान द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित करने की गोपनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में आरोपी द्वारा कम समय में अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित किया गया, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये पाया गया।
*फ्रीज की गई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है-*
• आलीशान मकान: गांव देवल्दी में आबादी भूमि पर बना मकान, टीनशेड एवं भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये है।
• केटा कार: पंजीयन संख्या MP 09 CY 9495, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये है।
• जॉन डियर ट्रैक्टर: जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये है।
इस प्रकार कुल करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया गया है।
*वर्ष 2003 से अब तक 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज*
वसीम खान थाना अरनोद का हिस्ट्रीशीटर है और लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी में लिप्त रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2003 से 2026 तक राजस्थान और मध्यप्रदेश में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने तथा ब्राउन शुगर और एमडी की तस्करी से जुड़े मामले शामिल हैं।
राजस्थान में उसके विरुद्ध अरनोद, प्रतापगढ़, सालमगढ़ और भोपालगढ़ (जोधपुर) थानों में तथा मध्यप्रदेश में मंदसौर कोतवाली, बाणगंगा इंदौर, अपराध शाखा इंदौर और राऊ थाना क्षेत्र में प्रकरण दर्ज हैं।
प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार कर अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति के उपयोग और हस्तांतरण पर रोक लगाना है।
-----------
Bhilwara, Bhilwara | Nov 16, 2026