#छतरपुर (म.प्र.)
उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में प्रवेश के नाम पर रिश्वतखोरी के आरोप, ABVP ने किया प्रदर्शन; जांच शुरू
छतरपुर शहर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 की प्रवेश प्रक्रिया पर रिश्वतखोरी के आरोप लगने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विद्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अनुसार, प्रवेश दिलाने के नाम पर लगभग 45 छात्रों से ₹14-14 हजार की राशि वसूले जाने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में विद्यालय के छात्र अभिनव मिश्रा पर लाखों रुपये लेने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े आईटी शिक्षक शरद अग्रवाल का नाम भी शिकायत में सामने आया है। छात्रों का कहना है कि प्रवेश के नाम पर अवैध वसूली की गई।
वहीं, विद्यालय के प्राचार्य संतोष शर्मा ने बताया कि आईटी शिक्षक शरद अग्रवाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है तथा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की राशि विद्यालय द्वारा नहीं ली जाती। मामले की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राचार्य के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जांच समिति गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रैकवार ने भी कहा है कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी शिकायत की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि छतरपुर का उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 हर वर्ष प्रदेश की मेरिट सूची में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का चयन कर जिले का नाम रोशन करता है। ऐसे प्रतिष्ठित विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया पर लगे आरोपों ने अभिभावकों और छात्रों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।