आज दिनांक - 15.06.2026 को जिला न्यायालय परिसर में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से थाना सेक्टर-17 हुड्डा पुलिस की टीम द्वारा कमांडो विंग के साथ जिला न्यायालय परिसर में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अदालत परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
थाना सेक्टर-17 हुड्डा प्रभारी प्रमोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला न्यायालय परिसर एक संवेदनशील स्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वादी और प्रतिवादी पक्ष के लोग पहुंचते हैं। कई बार आपसी विवाद अथवा तनाव की स्थिति बनने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है और विशेष अभियान चलाए जाते हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान अदालत परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीम ने परिसर में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा बिना किसी उचित कारण के बैठे लोगों को वहां से बाहर भेजा गया। इसके अलावा न्यायालय परिसर के विभिन्न प्रवेश और निकास द्वारों पर भी निगरानी बढ़ाई गई। कमांडो विंग के जवानों ने परिसर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा कि न्यायालय परिसर में पहले से ही पुलिस बल तैनात है, जो पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहा है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अदालत परिसर में आने वाले आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को न्यायालय परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस द्वारा आगे भी इसी प्रकार के सुरक्षा अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहे।