घर का अपना, पूरा हुआ सपना: वारासिवनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों ने किया गृह प्रवेश
दशहरा पर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 एवं 2.0 के तहत मनाया गया गृह प्रवेश दिवस
दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद वारासिवनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश दिवस मनाया गया। शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 एवं 2.0 के तहत पूर्ण हुए आवासों में हितग्राहियों ने गृह प्रवेश कर अपने पक्के मकान का सपना साकार किया। इस अवसर पर हितग्राहियों की खुशियों को साझा करते हुए पक्के आवास के महत्व और योजना के उद्देश्यों को रेखांकित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों के पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सके। स्वयं का घर मिलने से परिवारों को सुरक्षा, स्थायित्व और आत्मसम्मान मिलता है। गृह प्रवेश दिवस इसी उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर बना।
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 20, 2026