वृक्षित फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने बदली पुराने बस स्टैंड की तस्वीर, उपेक्षित स्थल को दिया नया रूप
उरई। शहर के राठ रोड पर स्थित लंबे समय से उपेक्षित एवं परित्यक्त सार्वजनिक बस स्टैंड की तस्वीर अब बदल गई है। वृक्षित फाउंडेशन, उरई के स्वयंसेवकों ने सामूहिक प्रयास से इस बदहाल परिसर को साफ-सुथरा कर एक सुंदर और आकर्षक स्थल में तब्दील कर दिया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सबसे पहले पूरे परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और वहां जमा कूड़े-कचरे एवं गंदगी को हटाया। इसके बाद परिसर की दीवारों पर व्हाइट वॉश कराया गया, जिससे वर्षों से बदहाल दिखाई दे रहा स्थान एक नए रूप में नजर आने लगा।
इसके बाद फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने अपनी रचनात्मक कला और पेंटिंग के माध्यम से दीवारों को खूबसूरती से सजाया। आकर्षक चित्रों और रंगों से सजी दीवारों ने पूरे परिसर का स्वरूप बदल दिया। अब यह स्थान पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ, सुंदर और जीवंत दिखाई दे रहा है।
इस पहल के संबंध में वृक्षित फाउंडेशन, उरई के अध्यक्ष हर्ष शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। समाज के लोग यदि सामूहिक रूप से आगे आएं, तो शहर के उपेक्षित स्थानों में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
वृक्षित फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य “Clean Orai, Green Orai” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।
फाउंडेशन के स्वयंसेवकों की इस पहल से राठ रोड स्थित पुराने सार्वजनिक बस स्टैंड को एक नई पहचान मिली है। यह प्रयास शहरवासियों के लिए सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक बदलाव की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।
Orai, Jalaun | Sep 17, 2026