प्रथम सोमवारी पर डीएम ने किया श्रावणी मेला व्यवस्था का निरीक्षण, कांवरियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुजफ्फरपुर, श्रावणी मेला के प्रथम सोमवार के अवसर पर जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव ने कांवरियों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवरिया पथ पर वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे रूट लाइन का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, नियंत्रण कक्ष, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने कहा कि कांवरियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। पूरे कांवरिया मार्ग पर पुलिस बल, दंडाधिकारियों एवं संबंधित विभागों की टीम लगातार निगरानी कर रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
श्रावणी मेला के प्रथम सोमवार को बड़ी संख्या में कांवरियों के आगमन के बीच जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही। प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।