17 जून को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल कार्यक्रम-बोर्ड अध्यक्ष
भिवानी, 15 जून, 2026: योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा इसके नियमित अभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाया जा सकता है। ये शब्द हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने कहे। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन के उद्देश्य से 17 जून 2026 को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी परिसर में योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आयुष विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
जिला आयुर्वेद अधिकारी, भिवानी द्वारा जारी पत्र के अनुसार कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री घनश्याम दास सर्राफ विधायक, श्री कपूर सिंह वाल्मीकि विधायक तथा श्री जयप्रकाश दलाल व जिलाध्यक्ष बीजेपी श्री विरेंद्र कौशिक उपस्थित रहेंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। योग कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु उप-मण्डल अधिकारी श्री महेश कुमार,ह.प्र.से., आयुष विभाग से डॉ० संजय वैद, डॉ० निशा व डॉ० प्रीति ने बोर्ड अध्यक्ष से विचार-विमर्श किया। बोर्ड प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
---------