*बस्ती: हरैया पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, मुठभेड़ में 5 चोर गिरफ्तार, 7.5 लाख का माल बरामद*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 17.07.2026
थाना हरैया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 2 मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और चोरी के उपकरण बरामद किए हैं।
*मुखबीर की सूचना पर हुई कार्रवाई*
पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर थाना हरैया पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान 3 अभियुक्त एक मोटरसाइकिल पर मौके से पकड़े गए। वहीं 2 अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगे। भागते समय उनकी गाड़ी फिसलकर गिर गई। इस दौरान अभियुक्त _सुजीत पासी पुत्र मोहनलाल निवासी सिंहपुर थाना कमलापुर सीतापुर_ ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से सुजीत के दाहिने पैर में चोट आई। उसके कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद हुआ। शेष 4 अभियुक्तों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
*7.5 लाख का माल बरामद*
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से विभिन्न थानाक्षेत्रों से चोरी किए गए 33 ग्राम सोने और 1.2 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए। अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये है। इसके अलावा 2 मोटरसाइकिल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, 32200 रुपये नकद और चोरी करने के औजार भी बरामद किए गए हैं।
*कई थानों की चोरियों का हुआ खुलासा*
पूछताछ में अभियुक्तों ने बस्ती जनपद के _थाना हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर_ सहित अन्य जिलों में हुई चोरियों में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
*इस तरह देते थे वारदात को अंजाम*
अभियुक्त सीतापुर जैसे बाहरी जिलों से मजदूरी के बहाने आते थे। देर रात एक ही रात में 4 से 6 घरों को निशाना बनाते और तुरंत 100-200 किमी दूर भाग जाते थे। चोरी का माल सस्ते दामों में बेचकर पैसा मौज-मस्ती में उड़ा देते थे।
*पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम*
पुलिस अधीक्षक बस्ती _डा. यशवीर सिंह_ ने इस सराहनीय कार्य के लिए गिरफ्तारी करने वाली टीम को 20,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
*गिरफ्तार अभियुक्त*:
1. जगतू पुत्र रामधार निवासी सर्जुपुरवा थाना सकरन सीतापुर
2. सर्वेश चौहान पुत्र रामप्रसाद निवासी लोनियांपुरवा थाना विस्वा सीतापुर 3. रामजी चौरसिया पुत्र पप्पू निवासी कुरसंडा थाना कमलापुर सीतापुर 4. सुधाकर पुत्र रामप्रसाद निवासी सरजूपुरवा थाना सकरन सीतापुर 5. सुजीत पासी पुत्र मोहनलाल निवासी सिंहपुर थाना कमलापुर सीतापुर
*गिरफ्तार करने वाली टीम*:
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार थाना हरैया, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस उ.नि. शेषनाथ यादव, उ.नि. उमाशंकर सिंह सहित स्वाट और सर्विलांस की पूरी टीम।
प्रेस वार्ता में बरामद सोने-चांदी के आभूषण, तमंचा व अन्य सामान के साथ पुलिस अधीक्षक बस्ती डा. यशवीर सिंह व पुलिस टीम।
*संवाददाता*
*हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य भारत*
Basti, Basti | Jul 17, 2026