प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट
कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, गर्जन और तेज हवाओं का दौर; ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जनपदों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, 6 से 8 अक्टूबर तक 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके बाद 9 से 11 अक्टूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हो सकती है।
इन जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में तेज हवाओं के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश के साथ तेज गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
Dehradun, Dehradun | Oct 5, 2026