11-आगरा: 100 फुटा रोड पर आधी रात को बिना चप्पल सहमी मिली दिल्ली की युवती, स्पा सेंटर पर गंभीर आरोप*
आगरा। ताजनगरी आगरा के 100 फुटा रोड पर आधी रात को एक युवती बिना चप्पल के सहमी हुई हालत में मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि शंकर ग्रीन्स के पास स्थानीय युवकों ने एक लड़की को पैदल जाते देखा। हालत देखकर युवकों ने उसका हालचाल पूछा। डरी-सहमी युवती अकेले जाने से कतरा रही थी, जिसके बाद युवकों ने उसे भीड़-भाड़ वाले पंचवटी मार्ग पर पहुंचाया। मौके पर मौजूद एक महिला ने मानवता दिखाते हुए युवती को पहनने के लिए लोअर दिया।
युवती ने दिल्ली जाने के लिए रैपिडो बुक की, तभी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे रोका। पूछताछ में युवती ने खुद को दिल्ली की रहने वाली बताया और दावा किया कि वह स्पा सेंटर में काम करती है। उसे ज्यादा कमाई का लालच देकर आगरा लाया गया था। वापस दिल्ली जाने की कोशिश करने पर उसे रोकने का आरोप युवती ने लगाया और मौका पाकर भागने की बात कही।
सूचना पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में युवती को थाने ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Hardoi, Hardoi | Oct 19, 2026