बाइक की टक्कर से ग्रामीण की मौत, शव ले जाते समय परिजनों का हंगामा; टेंपो में तोड़फोड़ से तनाव
अमृतपुर
थाना राजेपुर क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास सोमवार को सड़क पार कर रहे ग्रामीण को तेज रफ्तार ई-बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डबरी गांव निवासी 42 वर्षीय उदयवीर पुत्र तुलाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान लोहिया अस्पताल में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घायल को अस्पताल ले जा रहे निजी टेंपो में परिजनों द्वारा लाठी-डंडों से तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। घटना के बाद डबरी चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उदयवीर सोमवार को रामगंगा पुल के पास जानवरों के लिए घास लेने गए थे। घास लेकर वापस लौटते समय वह हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ई-बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उदयवीर उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल निजी टेंपो से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजना शुरू किया। इसी दौरान उदयवीर के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार परिजन घायल को अस्पताल ले जाने को लेकर पुलिसकर्मियों से नोकझोंक करने लगे। पुलिस ने पहले घायल को अस्पताल पहुंचाने की अपील की, लेकिन आरोप है कि परिजनों ने लाठी-डंडों से टेंपो में तोड़फोड़ कर दी।
टेंपो क्षतिग्रस्त होने के बाद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह घायल को राजेपुर सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर वैभव यादव ने जांच के बाद उदयवीर को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी पर भी परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार, अमृतपुर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी, कादरी गेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी और पांचालघाट चौकी प्रभारी हरिकेश कुमार वैश्य पुलिस बल के साथ डबरी पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया। तनाव की आशंका को देखते हुए डबरी चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
दरोगा आशुतोष यादव ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ई-बाइक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ ही टेंपो में तोड़फोड़ और अस्पताल में हुए हंगामे के संबंध में भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।