बिरसा मुंडा जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस एवं विद्यार्थियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया की दी गई जानकारी
--
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक योगदान एवं आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया गया। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision – SSR) कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज में सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री राकेश सौर ( प्रयोगशाला तकनीशियन ) का जनजातीय गौरव दिवस पर प्राचार्य डॉ खान ने माल्यार्पण
स्वागत किया
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में डॉ. महेश कुमार अहिरवार ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 1 जनवरी 2027 को पात्रता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर संशोधन कराया जा सकता है तथा अपात्र या मृत व्यक्तियों के नाम हटाने के लिए भी नियमानुसार आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम जाँचें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के नागरिकों को भी SSR अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में डॉ. एम. एस. विमल एवं डॉ. महेश कुमार अहिरवार एवं समस्त स्टॉफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. जितेन्द्र आरोलिया एवं डॉ संतोष रजक के द्वारा किया गया।
#BirsaMundaJayanti #jansamparkMP #niwari
Niwari, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026