कोटा में हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमला, कार में आए बदमाशों ने चाकुओं से किया हमला
पुरानी रंजिश बताया जा रहा कारण, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश
कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। संजय नगर निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद आजम खान पर अय्यप्पा मंदिर के पास बदमाशों ने चाकू, गंडासा, पाइप और सरिया से हमला कर दिया। आजम को विज्ञान नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आजम छतरपुर रोड स्थित अय्यप्पा मंदिर के पास अपनी फोर व्हीलर के पास खड़ा था। इसी दौरान पीछे से एक स्विफ्ट कार आई। कार से करीब 5-6 युवक उतरे और गाली-गलौज करते हुए आजम को कोटा छोड़ने की धमकी दी। इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने आजम पर चाकू से करीब 9-10 वार किए। एक चाकू पसली के पास घुसने से फेफड़े में चोट आई, जबकि गर्दन पर भी चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल आजम खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। आजम के बड़े भाई आवेश खान के मुताबिक हमले के बाद से परिवार युवक की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
वहीं विज्ञान नगर थानाधिकारी रामलक्ष्मण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
Sangod, Kota | Oct 2, 2026