सैलरी कम , लेकिन रिकवरी अधिक! कैमरे के सामने छलका HRTC परिचालक का दर्द, वीडियो वायरल
शिमला -
हिमाचल प्रदेश में एक HRTC परिचालक का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह मामला शिमला जिले के तारादेवी डिपो की रामपुर रूट पर चलने वाली बस का है।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइंग स्क्वाड की टिकट जांच के दौरान एक यात्री बिना टिकट पाया गया, जिसके बाद परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की बात सामने आई। इसी दौरान परिचालक कैमरे के सामने भावुक हो गया और रोते हुए अपनी पीड़ा बयां की।
वीडियो में परिचालक का आरोप है कि उसे जो वेतन मिलता है, उससे अधिक रिकवरी डाल दी जाती है। उसने कहा कि इतनी कम तनख्वाह में परिवार और छोटे बच्चों का पालन-पोषण करना बेहद मुश्किल हो जाता है। परिचालक ने एचआरटीसी प्रबंधन से कर्मचारियों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील भी की।