बख्तियारपुर, पटना। मोकामा से पटना काम करने जा रहे मजदूरों से भरी महिंद्रा पिकअप गुरुवार को बख्तियारपुर फोरलेन पर माधोपुर गांव के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप पर करीब 25 मजदूर सवार थे। सभी मोकामा के कन्हाईपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और रेलवे में निजी मजदूर के रूप में काम करने के लिए पटना जा रहे थे। माधोपुर गांव के सामने अचानक वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड संख्या-21 के पार्षद बिट्टू कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बख्तियारपुर पहुंचाने में मदद की। अस्पताल में घायलों का इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना भेजा गया।
हादसे में मेकरा निवासी 52 वर्षीय मालिक राम उर्फ मल्लू राम की मौत हो गई। बख्तियारपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बाढ़ भेज दिया।
घायलों में अवधेश राय, जागो यादव, सुधीर महतो, अनुराग कुमार, कृष्ण यादव, कन्हैया कुमार, रामउदेश राय, सतीश कुमार और जय किशन कुमार समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
बख्तियारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। घटनास्थल पर पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार, उमाशंकर मिश्रा और चिंटू कुमार मौजूद रहे। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।