🟥 गोगामेड़ी मेले का विधिवित पूजा के बाद शुभारंभः कलेक्टर और विधायक ने किया ध्वजारोहण, 932 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी...🚩🚩🚩🚩🚩
उत्तर भारत का प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेला शुक्रवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया। भादरा विधायक संजीव बेनीवाल, कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, पशुपालन विभाग और देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने संयुक्त रूप से एक महीने तक चलने वाले इस मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस साल गोगामेड़ी मेले में 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
इस अवसर पर भादरा विधायक संजीव बेनीवाल ने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाएं विकसित करने का आश्वासन दिया।
कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने बताया कि प्रशासन ने जन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं, जिनमें बैरिकेडिंग, पानी, चिकित्सा, बिजली, फायर ब्रिगेड और सुरक्षा शामिल हैं।
मेले को लेकर अब तक 363 दुकानों की नीलामी हो चुकी है, जिससे देवस्थान विभाग को पौने चार करोड़ रुपए की आय हुई है। मनोरंजन और पार्किंग स्थलों की नीलामी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। यह मेला 28 अगस्त से 28 सितंबर तक चलेगा। मेले की निगरानी के लिए विभाग की ओर से 250 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
गोगामेड़ी मेले के मद्देनजर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। मेले में कुल 932 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी बी. आदित्य ने बताया कि यातायात व्यवस्था के लिए 60 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
नोहर एसडीएम और मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव ने सभी कर्मचारियों से उत्तर भारत के इस सबसे बड़े सांप्रदायिक सद्भाव के मेले के लिए मुस्तैदी से कार्य करने का आग्रह किया ।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, नोहर एसडीएम व मेला मजिस्ट्रेट सुनीता यादव, भादरा एसडीएम भागीरथ, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी और पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Bhadra, Hanumangarh | Aug 28, 2026