नए अंदाज में किरण चौधरी : ई रिक्शा पर सवार :
किरण चौधरी व श्रुति चौधरी के नेतृत्व में निकले पैदल मार्च में उमड़ा विशाल जनसमूह, भीषण गर्मी में भी जनता का उत्साह चरम पर
भिवानी मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के ऐतिहासिक अवसर पर हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी तथा पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी के नेतृत्व में उनके निवास स्थान से भिवानी मेडिकल कॉलेज तक निकले पैदल मार्च में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भीषण गर्मी के बावजूद पूरे मार्ग पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और लोगों का जोश व उत्साह चरम पर देखने को मिला।
आज जिंद से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ कर रहे हैं तथा वहीं से भिवानी मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण कर रहे हैं। भिवानी मेडिकल कॉलेज, जिसे वर्ष 2013 में तत्कालीन सांसद श्रीमती श्रुति चौधरी के प्रयासों से स्वीकृति मिली थी, आज वर्षों के इंतजार के बाद क्षेत्र की जनता को समर्पित हो रहा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर भिवानी सहित पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है और मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रीमती किरण चौधरी एवं श्रीमती श्रुति चौधरी ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा का संदेश देते हुए अपने निवास स्थान से भिवानी मेडिकल कॉलेज तक बिना पेट्रोल या डीजल से चलने वाले किसी वाहन का उपयोग किए कार्यकर्ताओं एवं आमजन के साथ पैदल मार्च किया। यह पैदल मार्च माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के हरित एवं सतत विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त संदेश बना।