रोहतास समाहरणालय में सत्यनिष्ठा शपथ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ईमानदारी व पारदर्शिता का लिया संकल्प
बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत गुरुवार को रोहतास समाहरणालय परिसर में सत्यनिष्ठा शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्र की उपस्थिति में समाहरणालय संवर्ग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने का संकल्प लिया। शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी कानूनों, नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकसेवकों में नैतिक मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जफर हसन, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, वरीय उपसमाहर्ता ओमप्रकाश लाल, विनय प्रताप, विनिता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रधान सहायक एवं समाहरणालय के कर्मचारी मौजूद रहे।