कलेक्टर मृणाल मीना का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, अव्यवस्था और गंदगी पर भड़के
550 से अधिक मरीज भर्ती, 300 बेड की क्षमता वाले अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश
Journalist Mukesh Gautam
छतरपुर। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए नवागत कलेक्टर मृणाल मीना ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पदभार संभालने के बाद जिला अस्पताल में यह उनका पहला औचक दौरा था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और उपचार व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान CMHO और सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
गंदगी और अव्यवस्था पर कलेक्टर की सख्त नाराजगी
कलेक्टर ने अस्पताल के ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसूति विभाग, पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न वार्डों और विभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
300 बेड की क्षमता, 550 से ज्यादा मरीज भर्ती
निरीक्षण के दौरान अस्पताल पर बढ़ते मरीजों के दबाव का मुद्दा भी सामने आया। 300 बिस्तरों की क्षमता वाले जिला अस्पताल में वर्तमान में 550 से अधिक मरीज भर्ती हैं, जिससे अस्पताल की व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है।
कलेक्टर ने इस स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर मरीजों के बेहतर प्रबंधन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को किसी भी स्थिति में इलाज और बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला चिकित्सालय छतरपुर
Collector Office Chattarpur
PRO Jansampark Chattarpur
#Chhatarpur #Collector #MrinalMeena #DistrictHospital #HealthServices #MukeshGautam #ChhatarpurNews