🚨शिक्षकों का सम्मान, मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति; CM धामी बोले- शिक्षक राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन कुसुम कांता फाउंडेशन और मंथन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिक्षकों को सम्मानित किया और मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान और छात्रवृत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का सराहनीय प्रयास है।
सीएम धामी ने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों का विकास करते हैं। शिक्षक एक विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करता है।
उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को सुविधाओं के साथ पर्याप्त समय, अच्छे संस्कार और सकारात्मक मार्गदर्शन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए परिवार और विद्यालय दोनों का साथ जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के साथ शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर भी ध्यान दे रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और मेहनत, अनुशासन व दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि वे भविष्य में किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन सबसे पहले एक अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपनी धर्मपत्नी स्व. श्रीमती कुसुम कांता को याद करते हुए शिक्षा, साहित्य, संगीत और समाजसेवा के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रो. सुधारानी पाण्डेय, विदुषी निशंक, आर्यन देव उनियाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Dehradun, Dehradun | Sep 8, 2026