सुपौल में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ, तिरंगा प्रदर्शनी और रंगोली से दिया देशभक्ति का संदेश
सुपौल। राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ का शुभारंभ रविवार को सुपौल समाहरणालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाधिकारी सावन कुमार एवं विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने किया। अभियान के तहत लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान तिरंगा प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विथ तिरंगा’, तिरंगा रंगोली और ‘वंदे मातरम्’ गीत सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगे के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, जिला संगठन आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य, जीविका दीदियां, आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थी, निशा डांस स्टूडियो के बच्चे, अन्य विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की गई।
Supaul, Supaul | Aug 9, 2026