बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के धामनगांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के अंदर बने पानी के टांके में करीब डेढ़ साल की बच्ची जियांशी के गिरने की जानकारी सामने आई। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी मां दीपिका (35) भी टांके में उतर गईं। हादसे में मां-बेटी दोनों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में दीपिका, उनकी डेढ़ साल की बेटी जियांशी और करीब दो माह का बेटा थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे। पड़ोसियों के अनुसार, जब दो माह का बच्चा लगातार रोता मिला और घर में कोई नजर नहीं आया, तो परिजनों को सूचना दी गई। तलाश के दौरान पानी के टांके में मां-बेटी के शव दिखाई दिए।
परिजनों ने तत्काल भैंसदेही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को पानी के टांके से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही भेजा। पुलिस के मुताबिक मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।