हर नागरिक का बनेगा डिजिटल हेल्थ अकाउंट, डीएम ने शत-प्रतिशत 'आभा आईडी' (ABHA ID) बनाने का दिया सख्त निर्देश,
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत जिले के सभी नागरिकों का 'आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट' (ABHA ID) सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी महोदया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए, जिन्हें जिले में शत-प्रतिशत आभा कार्ड निर्माण का सख्त निर्देश दिया गया।बैठक में जानकारी दी गई कि शिवहर जिले में कुल 6,77,255 नागरिकों का आभा आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 4,30,718 (63.59%) नागरिकों का आईडी सफलतापूर्वक बनाया जा चुका है, जबकि 2,46,537 नागरिकों का कार्ड बनना शेष है।
विदित हो कि आभा आईडी (ABHA ID) प्रत्येक नागरिक की एक विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान (Digital Health Identity) है। इसका मुख्य उद्देश्य देश में एक सुरक्षित, समावेशी और इंटरऑपरेबल स्वास्थ्य तंत्र का निर्माण करना है। इस आईडी के बन जाने से मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे और डॉक्टरों के साथ मेडिकल हिस्ट्री साझा करना बेहद आसान और पारदर्शी हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने बचे हुए लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय करते हुए निम्नलिखित स्तरों पर अभियान चलाने का निर्देश दिया है:
1. स्वास्थ्य केंद्रों पर: जिले के सभी अस्पतालों (HWC, HSC, APHC, PHC, CHC और सदर अस्पताल) में इलाज के लिए आने वाले सभी मरीजों का आभा आईडी स्कैन एंड शेयर ऑपरेटर, CHO और ANM द्वारा बनाया जाएगा।
2. डोर-टू-डोर अभियान: आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर 'mASHA App' के माध्यम से नागरिकों का आईडी बनाएंगी।
3. स्कूल एवं पंचायत: विद्यालयों में क्लास टीचर बच्चों का, जबकि आरटीपीएस (RTPS) काउंटर पर कार्यपालक सहायक आम नागरिकों का आईडी बनाएंगे।
4. आंगनबाड़ी व राशन की दुकानें: आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका (VHSND और THR दिवस पर) तथा जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता राशन लेने आने वाले लाभार्थियों का कार्ड बनाएंगे।
5. जीविका एवं महादलित टोले: जीविका समूह की महिलाओं और विकास मित्रों को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने पंचायत और महादलित टोलों में अभियान चलाकर लोगों को इससे जोड़ें।
6. स्वयं पंजीकरण की सुविधा: नागरिक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर या स्वयं भी अपने मोबाइल पर 'ABHA App' डाउनलोड कर अपना आभा आईडी बना सकते हैं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य जैसी अति-महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर इस महाभियान को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।