सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत अमरवाड़ा में विभिन्न गतिविधियां आयोजित
नशामुक्ति एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई शपथ
===========================================================
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कार्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम का छिंदवाड़ा जिले के सभी विकासखंडों में संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विकासखंड अमरवाड़ा में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेशिया की विशेष उपस्थिति में पाठ्यक्रम कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री राजेश तिवारी, श्री भुवनेश्वर सूर्यवंशी, श्रीमती वैजन्ती पवार, डॉ. आर.के. मालवी एवं श्री संदीप सोनी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ “सेवा संकल्प अभियान-2026” की थीम के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें पौधारोपण, नशामुक्ति, कैरियर गाइडेंस, जल संरक्षण, साइबर क्राइम एवं शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार शामिल हैं। उन्होंने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जन अभियान परिषद के परामर्शदाताओं, छात्र-छात्राओं, ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों तथा नवांकुर संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उपस्थित सभी जनों को नशामुक्त रहने एवं स्वच्छता अभियान की शपथ दिलाई गई।
जिला समन्वयक श्री जैन ने कहा कि सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम केवल शैक्षणिक गतिविधि तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को समाज एवं समुदाय के बीच सेवा, सहभागिता और नेतृत्व के माध्यम से कार्य करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक, परामर्शदाता, छात्र-छात्राएं एवं संबंधितजन उपस्थित थे।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
98 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 20, 2026