जांडली कलां की बेटियों का धमाका: बोर्ड परीक्षाओं में अवनी ने प्रदेश में छठा और अंशुल ने पांचवां स्थान किया हासिल
जांडली कलां।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांडली कलां की छात्राओं ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जिले व प्रदेश स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। कक्षा 12वीं में अवनी ने और 10वीं में अंशुल ने स्टेट मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त कर स्कूल व गांव का नाम रोशन किया है। पहले प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं होने पर छात्राओं ने उत्तर पुस्तिकाओं की री वैल्यूएशन करवाई, जिसके बाद उनके अंक बढ़ गए और वे जिले व प्रदेश की मेरिट सूची में शामिल हो गईं।
विद्यालय के प्राचार्य सतीश कुमार ने इस शानदार परीक्षा परिणाम की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10+2 (बारहवीं) की होनहार छात्रा अवनी सुपुत्री श्री रमेश कुमार ने 494 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा और पूरे हरियाणा राज्य में छठा स्थान हासिल किया है। वहीं, दसवीं कक्षा की प्रतिभावान छात्रा अंशुल सुपुत्री श्री प्रवीण कुमार ने 495 अंक लेकर जिले में तीसरा और राज्य भर में पांचवां स्थान झटका है। प्राचार्य ने दोनों ही छात्राओं को बेहद लग्नशील और होनहार बताया।
प्राचार्य श्री सतीश कुमार ने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय विद्यालय के मेहनती विद्यार्थियों, समस्त शैक्षणिक स्टाफ, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (SMC), ग्राम पंचायत और अभिभावकों को दिया। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा परिणाम की मुख्य भूमिका में गांव का ऐतिहासिक भाईचारा, संयुक्त टीमवर्क और पूरे ग्रामीणों की सरकारी स्कूलों के प्रति अटूट आस्था रही है। गौरतलब है कि जाण्डली कलां गांव में दो सीनियर सेकेंडरी स्कूल सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का सरकारी स्कूल के प्रति समर्पण इस बात से साफ झलकता है कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की पूरी बिल्डिंग गांव के परिवारों के सहयोग से तैयार हुई है। स्कूल के कमरे, बहुत बड़ा हॉल कमरा, मुख्य द्वार, लाइब्रेरी, लैबोरेट्री, बेंच, वाटर कूलर और सौर ऊर्जा जैसी तमाम आधुनिक सुविधाएं ग्रामीणों द्वारा डोनेट की गई हैं। इसके अलावा, 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी ग्रामीणों द्वारा लाखों रुपए की राशि से विद्यालय को सहयोग दिया जाता है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह बेहतरीन माहौल जिला शिक्षा अधिकारियों, शासन-प्रशासन, प्रबुद्ध बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों, कर्मठ शिक्षक स्टाफ और बच्चों की अपनी कड़ी मेहनत का संयुक्त परिणाम है।
इस गौरवमयी उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है। बेटियों की सफलता पर सरपंच प्रतिनिधि विजय कमांडो, पूर्व सरपंच भले राम जागलान, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह, बसाऊराम भैरों, पूर्व जिला पार्षद सुनीता जांडली, सरपंच श्रीमती शीला भैरों, वीरभान भैरों, सूबेदार रमेश भैरों, कैप्टन शमशेर सिंह जागलान, रामचंद्र जागलान, रामनिवास नंबरदार, सुनील भैरों, युवा पूर्व प्रधान ईश्वर भैरों, सुनील जागलान, सुरेश जागलान, सतबीर सिंह, वीरेंद्र कुमार, विकास कुमार, महेंद्र सिंह, जयदीप शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, नेकीराम, मोनिका, विनोद मंडेरना, सुरेंद्र श्योकंद, चंद्र लाल सोनी, होशियार सिंह जांगड़ा, हरि सिंह जांगड़ा, शीशपाल भैरों, सोनू पंच, उमेश, शंकर, रतन पंच, एडवोकेट राजेंद्र कोहाड़ और मास्टर मनोज कोहाड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।