समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 13 जून 2026
मानसून से पूर्व गंगा तटबंधों का जिला पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
आज दिनांक 13 जून 2026 को आगामी मानसून को देखते हुए जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला ने शनिवार को बक्सर-कोइलवर गंगा तटबंध के अंतर्गत पर्वतपुर का डेरा, नैनीजोर, बिहार घाट पीपा पुल, ढाबी तथा दक्षिण नैनीजोर बांध सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान तटबंध के किलोमीटर 30.00 से 51.72 के बीच चल रहे सुदृढ़ीकरण, सुरक्षात्मक एवं कालीकरण कार्यों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी कार्य विभागीय मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं। नैनीजोर पंचायत के प्रबोधपुर का डेरा से पथरवा घाट तक गंगा नदी के दाएं तट पर चल रहे कटाव निरोधक कार्य का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने विशेष रूप से स्लोप में विकसित हो रहे क्रैक की निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने गंगा के जलस्तर बढ़ने से पूर्व शोल हटाने की मांग की, ताकि नदी का प्रवाह सुचारु रहे और तटबंधों पर दबाव कम पड़े। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कटाव रोकने के लिए उपयोग किए जा रहे जियो बैग का वजन लगभग 161 किलोग्राम पाया गया, जबकि मानक वजन 126 किलोग्राम निर्धारित है। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जियो बैग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही तैयार किए जाएं।
बिहार घाट स्थित पीपा पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर इसकी तकनीकी जांच कराने का निर्देश बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता को दिया।
ढाबी क्षेत्र में संभावित बाढ़ के दौरान आवागमन की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी को बताया गया कि 35 नाविकों के साथ एकरारनामा किया गया है, जिनमें से 18 का पंजीकरण हो चुका है। इस पर उन्होंने बाढ़ से पूर्व सभी नावों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा पंचायत स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने मानसून के दौरान बाढ़ एवं कटाव से प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxar #buxarcity #buxarjila #bihar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jun 14, 2026