सातवीं मुहर्रम पर बी ऐलोथ एवं बखरी अखाड़ा ने निभाई परंपरा, खेल प्रदर्शन से दिखाया कौशल
मुसरीघरारी, समस्तीपुर। सातवीं मुहर्रम के अवसर पर बी ऐलोथ अखाड़ा एवं बखरी अखाड़ा के सदस्यों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुसरीघरारी के एक निर्धारित स्थान से इमामबाड़ा के लिए मिट्टी काटने की रस्म अदा की गई। यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है, जिसे आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जाता है।
इसके उपरांत मुसरीघरारी चौक पर बी ऐलोथ अखाड़ा एवं बखरी अखाड़ा के सैकड़ों खिलाड़ियों द्वारा पारंपरिक खेल एवं करतबों का भव्य प्रदर्शन किया गया। खिलाड़ियों ने अपने हुनर, अनुशासन और साहस का परिचय देते हुए विभिन्न खेलों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की और अखाड़ा कमेटी के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर नसीम अब्दुल्लाह, मोहम्मद साहेब जान, मोहम्मद नशाद, हाजी फिरोज, फूल हसन, मोहम्मद कलाम, असरार दानिश, मोहम्मद हकीम, कमलेंद्र सिंह, कैफी नैयर आजमी, मोहम्मद अजमल, मोहम्मद खुर्शीद सहित अन्य गणमान्य लोग एवं अखाड़ा कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा मुहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारे, एकता और सौहार्द का संदेश दिया गया।
Samastipur, Samastipur | Jun 23, 2026