3 लाख 55 हजार लीटर से अधिक शराब नष्ट, 416 गिरफ्तार !
जयपुर, उदयपुर - आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की प्रभावी कार्रवाई जारी है। इस दौरान वॉश, हथकड़ मदिरा सहित अन्य राज्यों से लाई गई अवैध मदिरा के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अब तक प्रदेश में 3 लाख 55 हजार 711 लीटर वॉश नष्ट किया जा चुका है।
1064 अभियोग दर्ज, 36 वाहन जब्त
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 27 सितंबर 2026 तक 1064 अभियोग दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान प्रदेश में 8 लाख 17 हजार 785 रुपये लागत की 2,988 लीटर देशी मदिरा, 1 करोड़ 4 लाख 96 हजार 520 रुपये लागत की 10,552 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) तथा 3 लाख 1 हजार 501 रुपये लागत की 1,370 लीटर बीयर जब्त की गई।
इसके अलावा 8,937 लीटर हथकड़ मदिरा और 350 लीटर स्प्रिट भी जब्त की गई। अभियान के दौरान 3 लाख 55 हजार 711 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
अवैध मदिरा से संबंधित कार्रवाई में एक बड़े वाहन, 13 चार पहिया वाहनों और 22 दुपहिया वाहनों सहित कुल 36 वाहन जब्त किए गए हैं। वहीं, अवैध मदिरा से संबंधित मामलों में 416 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
विभिन्न जिलों में कार्रवाई
प्रदेश में आबकारी निरोधक दलों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। सिरोही में अनुज्ञापत्र की शर्तों के उल्लंघन पर 4 अभियोग दर्ज किए गए। वहीं, आबकारी थाना रेवदर के तहत कार्रवाई करते हुए 40 अंग्रेजी शराब के पव्वे जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।
अजमेर ग्रामीण में दबिश देकर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। केकड़ी में 21 पव्वे देशी शराब जब्त करने के साथ 150 लीटर वॉश नष्ट किया गया।
बारां जिले के छबड़ा उपखंड में ईपीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 52 लीटर हथकड़ मदिरा और 24 पव्वे देशी शराब बरामद की।
कोटा के रामगंज मंडी में कार्रवाई के दौरान 70 पव्वे देशी मदिरा, 28 पव्वे आईएमएफएल, 16 पव्वे आरएमएल और 30 बीयर की बोतलें जब्त की गईं।
झालावाड़ में 800 लीटर वॉश नष्ट किया गया। साथ ही 55 लीटर हथकड़ मदिरा, 121 पव्वे देशी मदिरा और 44 पव्वे आरएमएल जब्त कर अभियोग दर्ज किए गए।
पाली में आबकारी दल ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी मदिरा जब्त की तथा 3 अभियोग दर्ज किए।
बांसवाड़ा में एक मोटरसाइकिल से 70 बोतल हथकड़ मदिरा जब्त की गई। वहीं, कुशलगढ़ थाना क्षेत्र में 11 बोतल हथकड़ मदिरा जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की जा रही है। सभी अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दलों द्वारा अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी है।