बहराइच रोडवेज बस स्टॉप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रोडवेज बस ड्राइवर द्वारा नगर पालिका परिषद बहराइच के कर्मचारी के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया।
इस घटना से आक्रोशित होकर नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अपने साथी कर्मचारी के साथ हुई अभद्रता के विरोध में अपनी सभी गाड़ियों को सड़क पर आड़ा-तिरछा खड़ा करके पूरी तरह चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का स्पष्ट कहना था कि उनके साथी के साथ की गई बदतमीजी और गाली-गलौज को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर नगर पालिका के वाहन खड़े होने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद बहराइच की अधिशासी अधिकारी (EO) प्रमिता सिंह और रोडवेज चौकी प्रभारी रवि यादव दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने उग्र कर्मचारियों से बातचीत की और मामला शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा दोषी बस ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया गया, जिसके बाद कर्मचारियों का आक्रोश शांत हुआ।
आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने जाम समाप्त कर सड़क पर खड़ी अपनी गाड़ियों को हटाया, जिसके बाद क्षेत्र में यातायात पुनः सामान्य हो सका।