NEET पेपर घोटाले के विरोध में कुल्लू में कांग्रेस का कैंडल मार्च, गृह मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
कुल्लू- देशभर में NEET पेपर घोटाले को लेकर उठ रहे विरोध के बीच शनिवार को कुल्लू में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया। शहर के मुख्य बाजार से निकाले गए इस कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया और छात्रों के भविष्य के साथ हुए कथित खिलवाड़ पर चिंता जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद अब इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री को भी अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उनका आरोप है कि पेपर लीक जैसे संगठित अपराध सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाते हैं, जिसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि देश में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका लोकतांत्रिक विरोध और संघर्ष जारी रहेगा।