बेटे को पीटना माता को पड़ा भारी, फिर पति ने उतारा मौत के घाट
Narhat, Nawada | Apr 24, 2026 नशे में पति की बेरहमी: पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी फरार नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की हालत में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। खबर: मामला नरहट थाना क्षेत्र के पांडेचक गांव का है। मृतका की पहचान गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद की पत्नी किरण देवी के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, किसी घरेलू विवाद को लेकर किरण देवी ने अपने बेटे को डांट-फटकार लगाई थी, जो उसके पति को नागवार गुजरा। बताया जाता है कि इसके बाद पति ने नशे की हालत में पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुराल के अन्य सदस्य—देवर और सास—ने भी मारपीट में साथ दिया। घायल अवस्था में किरण देवी को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति और देवर गांव से फरार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।