जन विश्वास अभियान की शुरुआत के साथ सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CMHO, तहसीलदार और पटवारी निलंबित
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के पहले ही दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त संदेश देते हुए तीन अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की। छिंदवाड़ा में अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), एक तहसीलदार और एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन और आम नागरिकों की शिकायतों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए और शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण अनिवार्य है।
कार्रवाई के तहत प्रभारी CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े को हितग्राही सीमा तुमराम को प्रसूति सहायता राशि का लाभ नहीं मिलने तथा संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर समय पर कार्रवाई नहीं करने के कारण निलंबित किया गया। वहीं परासिया तहसील की तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे पर निवासी विनोद बंजारा की शिकायत का लंबे समय तक निराकरण नहीं करने के चलते कार्रवाई की गई। इसके अलावा चौरई के पटवारी सिद्धांत साहू को गोविंद नायक की शिकायत का समय सीमा में समाधान नहीं करने के कारण निलंबित कर दिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रोत्साहन और पदोन्नति देकर सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई को प्रदेशभर के प्रशासनिक अमले के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
#CMMohanYadav #JanVishwasAbhiyan2026 #MadhyaPradesh #Chhindwara #CMHelpline #GoodGovernance #ActionMode #BreakingNews #NationalNews #DrMohanYadav #जनविश्वासअभियान #मुख्यमंत्री_मोहन_यादव #छिंदवाड़ा #सीएम_हेल्पलाइन #सुशासन #लापरवाही_पर_कार्रवाई #ब्रेकिंग_न्यूज़ #मध्यप्रदेश_समाचार Part 7
Dindori, Dindori | Aug 7, 2026