बैंक लोन दिलाने के नाम पर 1.67 करोड़ की ठगी, पिता-पुत्री गिरफ्तार
#गोरखपुर। बैंक से आसान लोन दिलाने का झांसा देकर 1.67 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में एम्स थाना पुलिस ने पिता-पुत्री को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ध्रुव नारायण सिंह और उनकी पुत्री गरिमा सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने एक व्यक्ति को बैंक से ऋण दिलाने का भरोसा देकर उसके नाम पर विभिन्न बैंकों से कुल छह लोन स्वीकृत कराए। आरोप है कि ऋण की पूरी राशि का गबन कर लिया गया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपितों ने सभी लोन की ईएमआई खुद जमा करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में एक भी किस्त नहीं भरी। इसके बाद पीड़ित ने एम्स थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में एम्स थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
#gorakhpur #Gorakhpurnews
Deoria, Deoria | Aug 3, 2026