भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति द्वारा योग शिविर, 500 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और एकाग्रता की नींव रखता है योग : सुरेंद्र पाल बड़ेसरा
भिवानी, 12 नवंबर : स्वस्थ शरीर और तेज मस्तिष्क के उद्देश्य से भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में बीडीएस पब्लिक स्कूल बड़ेसरा में भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में एक विशेष योग एवं प्राणायाम शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक संदीप सिंगल ने की। शिविर के दौरान भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति के मंडल प्रभारी सुरेंद्र पाल बड़ेसरा ने बच्चों को योग के वास्तविक महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक प्राचीन और पूर्ण विद्या है जो मनुष्य को जीवनभर निरोगी और ऊर्जावान बनाए रखती है। नियमित रूप से योग और प्राणायाम करने से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता बढ़ती है, मस्तिष्क तेज होता है और विद्यार्थियों का पढ़ाई में मन लगता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा शारीरिक व मानसिक तौर पर स्वस्थ होंगे तो वे आईएएस व आईपीएस जैसे बड़े अधिकारी बनकर राष्ट्र की तरक्की में अपनी अहम भूमिका अदा कर सकता है। मंडल प्रभारी सुरेंद्र पाल बड़ेसरा ने कहा कि योग वह माध्यम है जो विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और एकाग्रता की नींव रखता है। नियमित प्राणायाम से बच्चों की स्मरण शक्ति और बौद्धिक क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होता है। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक संदीप सिंगल ने कहा कि आज की इस भागदौड़ भरी जीवनशैली में बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग बेहद आवश्यक है। यह शिविर हमारे विद्यार्थियों को अनुशासित और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देगा। शिविर में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्राणायाम करने से मन शांत होता है और पढ़ाई के दौरान ध्यान केंद्रित करने में बहुत मदद मिलती है। इस आयोजन से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और सभी ने प्रतिदिन योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Nov 12, 2026